बाहर खड़े उनके दो साथी फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। वार्ड नंबर सात में सराफ के मकान में वारदात को अंजाम देने के इरादे से घुसे दो बदमाशों को परिजनों ने दबोच लिया। जबकि उनके दो साथी फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ करने में जुटी है। ओम ज्वेलर्स के मालिक प्रमोद कुमार ने बताया कि बुधवार की रात लगभग आठ बजे धुंध ज्यादा होने के कारण गली में आवागमन कम हो गया था। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर दो बदमाश उनके घर के अंदर प्रवेश कर गए।
इसी दौरान जैसे ही प्रमोद अपनी दुकान से घर पहुंचे बाहर दो और युवक खड़े थे। उनसे यहां खड़े होने का कारण पूछा तो वह भाग गए। जैसे ही उसने घर के अंदर प्रवेश किया दो अन्य बदमाश बाहर भागने की कोशिश करने लगे। उन्होंने शोर मचा दिया और दोनों को दबोच लिया। शोर सुनते ही आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। दोनों बदमाशों को पुलिस अपने साथ ले गई। मकान मलिक प्रमोद कुमार ने बताया कि भागते हुए बदमाश अपनी यूपी नंबर की मोटरसाइकिल छोड़ गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घरौंडा थाना एसएचओ नसीब सिंह ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह नशे में थे और गलती से घर के अंदर घुस गए। दोनों बदमाशों की हलचल सीसीटीवी में कैद हो गई।