करनाल। नगर निगम चुनाव हुए करीब ढाई माह और पंचायती राज चुनाव हुए करीब ढाई साल का समय बीत चुका है लेकिन अभी तक चुनावों में प्रयोग की गई सामग्री जैसे- कच्ची बैरिकेडिंग, टैंट, बसों और पेट्रोल आदि पर किए गए व्यय के बिलों का भुगतान नहीं हुआ। सोमवार को करनाल पहुंचे हरियाणा राज्य निर्वाचन आयुक्त धनपत सिंह ने इस स्थिति पर नाराजगी व्यक्त की। अधिकारियों की खिंचाई करने के बाद उन्होंने शीघ्र भुगतान के निर्देश दिए।
कर्ण लेकर पर पंचायती राज संस्थाओं, नगर पालिकाओं और नगर निगम चुनावों के लेखा निपटान के लिए हुई बैठक की अध्यक्षता हरियाणा राज्य निर्वाचन आयुक्त धनपत सिंह ने की। उन्होंने करनाल पंचायत राज संस्थाओं, नगर पालिकाओं और नगर निगम चुनावों से जुड़े वित्तीय मामलों की विस्तार से समीक्षा की और उनके त्वरित एवं सुचारू निपटान के निर्देश दिए। उन्होंने चुनावों के दौरान हुए व्यय, प्राप्तियों और अन्य वित्तीय पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की और अधिकारियों को सभी लंबित लेखाओं को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। आयुक्त धनपत सिंह ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कहा कि लेखा निपटान की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और यह भी सुनिश्चित करें कि सभी आवश्यक औपचारिकताओं को बिना किसी देरी के पूरा किया जाए। ब्यूरो