करनाल। अनाज मंडी में आढ़ती के मुनीमों से 18 लाख रुपये की नकदी लूटने के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल कार और बाइक भी बरामद कर ली है। ये बात भी सामने आई है कि बाइक का नंबर कार पर लगाकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद दो दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी देवेंद्र सिंह निवासी गली नंबर तीन हरीनगर कॉलोनी, बहादुरगढ़ झज्जर और ब्रह्मप्रकाश निवासी प्रहलादपुर थाना खरखौदा, गन्नौर सोनीपत से काबू किया गया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने दो अन्य साथी सुनील और प्रवेश निवासी खरखौदा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
शिकायतकर्ता रमित, चावल व्यापारी वासी सेक्टर-छह ने 22 दिसंबर को पुलिस को शिकायत दी थी कि उसके पास सुनील निवासी हकीकत नगर और कौशल निवासी मटक माजरी नौकरी करते हैं। दोनों 22 दिसंबर को 18 लाख रुपए मोटरसाइकिल पर लेकर अनाज मंडी आ रहे थे। तभी अनाज मंडी के नजदीक दुकान नंबर 906 के पास कार एचआर 05 एक्यू 7339 में सवार आरोपियों ने कार को बाइक के आगे लगाकर रोका था। फिर खुद को सीआईए का स्टाफ बता पिस्तौल के बल पर 18 लाख रुपए छीन कर ले गए।
22 दिसंबर को आढ़ती के मुनीमों से नकदी लूटने वाले आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि दो फरार हैं। पकड़े गए आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लेकर अन्य साथी और लूटी नकदी बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
शशांक कुमार सावन, पुलिस अधीक्षक करनाल