संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। तरावड़ी के नडाना रोड से जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्टाफ टीम ने कार्रवाई करते हुए दोपहिया वाहन चोरी के मामले में शामिल दो आरोपियों करनाल के डेयरी मोहल्ला निवासी रिकी और मोहित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की तीन बाइक बरामद की है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
प्रभारी निरीक्षक इंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने जांच अधिकारी यशपाल सिंह की अध्यक्षता में गुप्त सूचना के आधार पर करनाल के वार्ड-11 स्थित डेयरी निवासी मोहित उर्फ बच्ची, रिकी को नडाना रोड तरावड़ी से काबू किया। आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा तीन बाइक बरामद की गई। स्टाफ प्रभारी इंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ करने पर खुलासा हुआ कि दोनों आरोपियों ने जिला करनाल के थाना सिविल लाइन, तरावड़ी और थाना घरौंडा क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। इनके खिलाफ संबंधित थानों में चोरी की प्राथमिकी दर्ज है। संवाद