वीरवार देर रात लगभग आठ बजे पटेल मार्केट में हथियारबंद युवकों ने एक दुकानदार से लूट की कोशिश की। दुकानदार व उसके भाइयों के विरोध करने पर आरोपियों को खाली हाथ भागना पड़ा। लुटेरों ने दुकानदार के दो भाइयों पर चाकू से हमला भी किया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक केंद्र में भर्ती कराया गया है। लूटपाट की घटना से दुकानदारों में दहशत है। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच आरंभ कर दी है।
घरौंडा निवासी सुभाष गर्ग पटेल मार्केट में किराने के सामान का होलसेलर है। वीरवार को लगभग आठ बजे वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहा था और उसके दो भाई दुकान से बाहर खड़े थे। इसी दौरान तीन युवक बाइक पर पहुंचे। एक युवक तलवार लेकर दुकान के अंदर घुसा और दुकान के काउंटर पर तलवार रख दी। दुकानदार भांप गया कि युवक लूटपाट की नीयत से दुकान पर पहुंचे हैं। दुकानदार ने विरोध किया तो एक युवक ने तलवार से हमला कर दिया। दुकानदार ने अपने बचाव में तलवार के आगे कुर्सी अड़ा दी। दुकान पर झगड़ा होता देख उसका भाई चक्षु गर्ग पहुंचा। उसने युवक को पकड़ने का प्रयास किया तो दूसरा लुटेरा दुकान में पहुंच गया और उसने चक्षु गर्ग पर चाकू से हमला कर दिया। उसी समय दुकानदार का तीसरा भाई रिशभ गर्ग भी दुकान पर पहुंच गया। हाथापाई में तीसरे लुटरे ने रिशभ गर्ग पर भी चाकू से हमला कर दिया। मामला बढ़ता देख आसपास के लोग एकत्रित हो गए और दोनों घायल दुकानदारों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना प्रभारी मोहन लाल ने बताया कि पटेल मार्केट में एक दुकान पर तीन युवकों द्वारा लूटपाट की सूचना मिली है। जिसमें दुकानदार के दो भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया है। मामले की जांच की जा रही है।