फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Karnal News: मंडी से घर लौट रहे दो दोस्तों को ट्रक ने रौंदा, सब्जी विक्रेता की मौत

विज्ञापन
हादसे के बाद ट्रक के आसपास लगी भीड़। पुलिस
विज्ञापन
करनाल। शहर के सेक्टर छह ओवरब्रिज के नीचे शनिवार रात तेज रफ्तार ट्रक ने घर लौट रहे मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को कुचल दिया। इस हादसे में कर्ण गेट की हनुमान गली निवासी 24 वर्षीय सब्जी विक्रेता सोमनाथ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी उत्तम गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन

हादसे के बाद घायल को पहले कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया लेकिन परिजनों का आरोप है कि वहां समुचित उपचार और जरूरी साधन नहीं मिले। बाद में घायल को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही सेक्टर 32-33 थाना पुलिस और डायल-112 की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
मृतक के परिचित अमन ने पुलिस को बताया कि सोमनाथ और उत्तम मित्र थे और सब्जी बेचने का काम करते थे। शनिवार रात वे सेक्टर 12 मंडी क्षेत्र से अपना काम समाप्त कर मोटरसाइकिल से नमस्ते चौक होते हुए कर्ण गेट स्थित अपने घर लौट रहे थे। जब वे सेक्टर छह ओवरब्रिज के नीचे से गुजर रहे थे, तभी फोरलेन की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
विज्ञापन

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमनाथ ट्रक के पहियों के नीचे आ गया और उसका शरीर कमर के नीचे से बुरी तरह कुचल गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में आपातकालीन स्थिति के बावजूद डॉक्टरों द्वारा समय पर उपचार शुरू नहीं किया गया। स्थिति बिगड़ती देख परिजन घायल को अपनी व्यवस्था से निजी अस्पताल ले जाने को मजबूर हुए। अस्पताल परिसर में महिलाओं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
-
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने पर सेक्टर 32-33 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी करमबीर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मोर्चा संभाला। एक युवक की मौत हो चुकी है, जिसके शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया है। पुलिस के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। परिजनों की तहरीर और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।
विज्ञापन

एंबुलेंस सेवाएं मुख्यालय से ही हैंडल होती हैं। यदि फोन मिलने में देरी हुई है तो यह मुख्यालय स्तर से ही पता चल सकता है। - डॉ. पूनम चौधरी, सीएमओ।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें