तरावड़ी। धान की बोरियों से लदा ट्रक तीन घरों पर पलट गया। हादसा मोड काटने के दौरान हुआ। इसमें घरों की दीवारें और गेट ध्वस्त हो गए। बाथरुम में नहा रहा व्यक्ति बाल-बाल बच गया। इसके साथ ही बिजली का खंभा भी टूट कर घर पर गिरा है। छप्पर ढहने से कुछ पशु जरूर चोटिल हुए हैं। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना के बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची और तरावड़ी थाना को हादसे के बारे में सूचित किया।
मामला बीड़ नारायाणा गांव का है। थाना प्रभारी नसीब सिंह ने बताया कि बीड़ नरायाणा गांव में ट्रक घरों के ऊपर पलटा है। किसी तरह का कोई जानी नुकसान नहीं है। दीवारे व खंभे ढह गई है। शिकायत के अनुरूप कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जानकारी अनुसार धान से लदा एक ट्रक शुक्रवार को करनाल से तरावड़ी की तरफ जा रहा था।
जैसे ही ट्रक गांव बीड़ नरायाणा में पहुंचा तो मोड पर ट्रक का पिछला पहिया निर्माणाधीन नाले में जा गिरा और ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। ट्रक बिजली के खंभे को तोड़ता हुआ रणधीर सिंह, नरेश कुमार व विक्रम सिंह के घर की दीवारों पर गिर गया। उस वक्त नरेश कुमार दीवार से सटे बाथरूम में नहा रहा था और बाल बाल बच गया।
केबल वायर होने से टला हादसा
विक्रम ने बताया कि जैसे ही ट्रक मोड़ काट रहा था, उसी दौरान विक्रम के पिता नाथीराम ने अपनी साइकिल को गेट के बाहर दीवार से सटा कर खड़ा किया और वह अंदर आए ही थे कि ट्रक खंभे के साथ घर के ऊपर गिर गया। इसमें पिता जी बाल बाल बच गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खंभा बीच से टूट गया। खंभे पर छह मीटर लगे हुए थे और जिसमें बिजली की सप्लाई थी। खंभे पर केबल वायर थी, अगर नंगी तारें होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पशुओं को भी लगी चोटें
नरेश कुमार और रणधीर ने बताया कि उन्होंने पशुओं को बांधने के लिए टिन का शेड बनाया हुआ है। जिसके अंदर पशु बंधे हुए थे। इसी दौरान दीवार ढहने से शेड भी टूट गए। जिससे पशुओं के ऊपर ईंट व अन्य पाइप गिरे। जिससे पशुओं को अंदरूनी चोटें आई हैं। गनीमत रही कि ट्रक पशुओं के ऊपर नहीं गिरा, अन्यथा पशुधन का बड़ा नुकसान हो सकता था।