अनाज मंडी में कार्य कर रहे एक प्रवासी मजदूर को ट्रक ने कुचल दिया, जिससे मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं हादसे से गुस्साए मजदूरों ने मंडी में काम बंद कर ट्रक पर पथराव कर दिया। मौके पर पहुंची जब ट्रक को लेकर थाने जाने लगी तो मजदूरों ने पुलिस पीसीआर को भी निशाना बनाने का प्रयास किया, जिसमें पुलिस वाहन के भी शीशे टूट गये। पुलिस कर्मी भी जान बचाने के लिए मौके से फरार हो गये। बाद में थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को काबू किया। आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने लाठियां भी भांजी।
वीरवार की देर शाम नई अनाज मंडी में दो नम्बर प्लेटी के पास काम कर रह मजदूर मोहन को गेहूं से भरे ट्रक ने चपेट में ले लिया। मंडी में हुए हादसे से मजदूर भड़क गए और ट्रक को घेर लिया। मजदूरों ने मंडी में काम बंद करने का ऐलान करते गेटों को बंद कर दिया। जानकारी मिलने पर मार्केट कमेटी के अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंचे। आढ़तियों और अधिकारियों ने मजदूरों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे शांत नहीं हुए। इसके बाद मार्केट कमेटी सचिव चंद्रप्रकाश और आढ़ती एसोसिएशन ने मजदूरों को भरोसा दिलाया कि घायल मजदूर के इलाज का खर्च मार्केट कमेटी और एसोसिएशन की तरफ से किया जाएगा, जिसके बाद मजदूर हड़ताल खोलने को राजी हुए। इस संबंध में मजदूरों के ठेकेदार राम इकबाल का कहना है कि ट्रक चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। पुलिस मौके से ट्रक को ले जाना चाहती थी, जब मजदूरों ने इसका विरोध किया तो लाठीचार्ज किया गया, जिसमें कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। मार्केट कमेटी सचिव और मंडी प्रधान के आश्वासन पर फिलहाल हड़ताल खोल दी गई है। दूसरी ओर मार्केट सचिव चंद्रप्रकाश का कहना है कि घायल मजदूर के इलाज का पूरा खर्च मार्केट कमेटी की तरफ से किया जाएगा।