माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/तरावड़ी। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर खड़े वाहन में टक्कर लगने से ट्रक के चालक की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों को सौंप दिया और मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में नूंह निवासी वारिस ने बताया कि वे और उनका भाई अलताफ ट्रक चालक हैं। अलताफ मुंबई से माल लोड करके लाया था और उसे यमुनानगर जाना था।
वीरवार रात करीब 11 बजे जब उनका भाई जीटी रोड स्थित गांव शामगढ़ के पास पहुंचा तो सड़क किनारे खड़े अज्ञात वाहन के पीछे उसके ट्रक की टक्कर हो गई। इस कारण उसकी गाड़ी का केबिन क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं अलताफ केबिन में फंस गया। उसे केबिन से निकालकर गंभीर हालत में कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां उसकी मौत हो गई।
हादसे की जानकारी उन्हें रात को फोन पर मिली थी। शुक्रवार को उन्होंने गांव के सरपंच के साथ जाकर घटनास्थल का भी मुआयना किया। यहां उन्हें जानकारी मिली कि एक अज्ञात वाहन राजमार्ग पर सड़क के किनारे खड़ा था। ओवरटेक करते समय उनके भाई के ट्रक की खड़ी गाड़ी से टक्कर हुई। अलताफ के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो लड़के और एक लड़की है।