वॉर हीरोज मेमोरियल स्कूल बसताड़ा घरौंडा में रविवार को आयोजित रस्म पगड़ी समारोह में बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धा सुमन के साथ वीर चक्र से सम्मानित स्व. लेफ्टिनेंट कर्नल सुनहरा सिंह को श्रद्धांजलि दी।
विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने कहा कि लेफ्टिनेंट कर्नल सुनहरा सिंह का जीवन राष्ट्र व समाज सेवा को समर्पित रहा। उन्होंने जीवनभर राष्ट्र पहले तथा समाज को आगे रखते हुए कार्य किया। हमें उनसे कड़ी मेहनत, दृढ़ता और अनुशासन की सीख लेनी चाहिए। उन्होंने सेना में ईमानदारी व निष्ठा से कर्त्तव्य का पालन किया। सेवानिवृति के बाद जीवन समाज सेवा को समर्पित कर दिया। उन्होंने दो शिक्षण संस्थाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया और यह सीख दी कि जीवन में उतार-चढ़ाव के बावजूद संतुलन व संयम बनाए रखना चाहिए। उनकी सोच हमेशा सकारात्मक और जीवन सादा रहा।
लेफ्टिनेंट कर्नल सुनहरा सिंह का 31 अक्तूबर को 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। वह मूल रूप से सोनीपत के गांव मोहाना के वासी थी। उनकी ओर से बसताड़ा में वाॅर हीरोज मेमोरियल स्कूल शुरू किया गया था।
समारोह में पहुंचे हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, असंध के विधायक योगेंद्र राणा, करनाल विधायक जगमोहन आनंद, नीलोखेड़ी के विधायक भगवानदास कबीरपंथी, पूर्व विधायक रमेश कश्यप, तेजवीर सिंह, पूर्व मत्री शशिपाल मेहता, पूना के आए कर्नल सोहन राय आदि मुख्य रूप से शामिल हुए।