संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। खेल विभाग की ओर से जिले की खेल नर्सरियों में शामिल होने वाले खिलाड़ियों का ट्रायल 27 मार्च को लिया जाएगा। इस संदर्भ में हरियाणा के महानिदेशक ने जिले में कार्यरत सभी खेल प्रशिक्षकों को एक अप्रैल 2025 से खेल नर्सरी का संचालन करने के निर्देश दिए हैं।
सभी खेल प्रशिक्षक खिलाड़ियों का ट्रायल 27 मार्च सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक लेंगे। ट्रायल में 25 खिलाड़ियों को चयनित व अन्य 10 का चयन कर उनका नाम प्रतीक्षा सूची में दर्ज करके रिकॉर्ड ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। जिला खेल अधिकारी सुधा भसीन ने बताया कि ट्रायल के लिए खिलाड़ी को अपने साथ स्थानीय रिहायशी प्रमाणपत्र लाना होगा या खिलाड़ी का दाखिला किसी स्थानीय शिक्षण संस्थान में होना चाहिए। इसके साथ-साथ खिलाड़ी को आधार कार्ड, बैंक कॉपी, पैन कार्ड, जन्मप्रमाण पत्र या मैट्रिक कॉपी या पासपोर्ट कॉपी व दो फोटो भी अवश्य लानी होगी। उन्होंने बताया कि ट्रायल के लिए खिलाड़ी की आयु आठ से 19 वर्ष तक होनी चाहिए। खिलाड़ी की आयु एक अप्रैल 2006 से आंकी जाएगी ।
इन खेलों के होंगे ट्रायल
खिलाड़ियों के बॉक्सिंग, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, स्वीमिंग, वॉलीबॉल, रेसलिंग, टेबल टेनिस, फुटबॉल, कबड्डी, ताइक्वांडो के ट्रायल कर्ण स्टेडियम में होंगे। जूनियर क्रिकेट के लिए सेक्टर-नौ हुड्डा क्रिकेट स्टेडियम, जूनियर हॉकी के लिए हॉकी स्टेडियम कैलाश तथा जूनियर हैंडबॉल के लिए ऊंचा समाना स्टेडियम में 27 मार्च को ट्रायल लिया जाएगा।