इंद्री। बुधवार रात करीब नौ बजे आंधी व बारिश से कलसोरा गांव तक का 8 किलोमीटर लंबा मुख्य मार्ग भारी-भरकम पेड़ गिरने से पूरी तरह बंद हो गया। कई स्थानों पर पेड़ बिजली के खंभों पर ढह गए, जिससे दर्जनों खंभे टूटकर गिर पड़े। परिणामस्वरूप इंद्री शहर के वार्ड नंबर 6 और 7 सहित आसपास के कलसोरा, नन्हेड़ा, बदरपुर, इस्लामनगर गांवों में बुधवार रात से बिजली की आपूर्ति पूरी तरह बाधित हुई। तूफान की तीव्रता इतनी थी कि इंद्री व आसपास के ग्रामीण इलाकों में हाईटेंशन लाइनें टूट गईं। सुबह 9 बजे तक बिजली बहाली का काम जारी रहा लेकिन पूर्ण सामान्य होने में कम से कम 24 घंटे लग सकते हैं।
इंद्री-कलसोरा सड़क पर नन्हेड़ा गांव से आगे सबसे अधिक तबाही हुई है। यहां तीन बड़े पेड़ सड़क पर गिर पड़े, जिससे भारी वाहनों सहित सभी प्रकार के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया। किसान इंद्रवेश ने बताया कि रात को तूफान आया तो लगा मानो आकाश फट गया। सुबह उठे तो रास्ता ही गायब। फसल ले जाने वाले ट्रैक्टर फंस गए हैं। इसी तरह, कलसोरा निवासी सरोज देवी ने शिकायत कि बिना बिजली के पानी की समस्या हो गई है।