संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जिलेभर के सरकारी अस्पतालों में शनिवार को चिकित्सकों की हड़ताल के कारण हजारों मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मरीज अस्पतालों में दवा लेने और उपचार के लिए पहुंचे, लेकिन ओपीडी बंद होने के कारण उन्हें बिना इलाज के ही वापस लौटना पड़ा। हड़ताल के कारण करीब पांच हजार मरीजों का इलाज टल गया।
जिले के करीब 34 सरकारी अस्पतालों में सामान्य दिनों में प्रतिदिन हजारों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, लेकिन शनिवार को हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज (एचसीएमएस) यूनियन के आह्वान पर चिकित्सकों ने प्रदेशभर में ओपीडी सेवाएं बंद कर दी और रोष जताया। हड़ताल के चलते जिला नागरिक अस्पताल सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।