संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 स्थित अटल पार्क के पास शुक्रवार रात को सोनीपत रोडवेज डिपो की बस पलटने के मामले में हरियाणा सरकार के परिवहन मंत्री अनिल विज ने चालक व रोडवेज के अधिकारियों के खिलाफ जांच के आदेश दिए हैं।
मंत्री अनिल विज ने कहा कि कोहरे को देखते हुए परिवहन विभाग की ओर से एडवाइजरी जारी करके रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की है। फिर भी चालक इतनी तेज रफ्तार से बस चला रहा था तो कार्रवाई तो बनती है। दूसरी ओर सेक्टर-32,33 थाना पुलिस ने बस चालक कश्मीरी लाल के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से बस चलाने की प्राथमिकी दर्ज की है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-44 स्थित अटल पार्क के नजदीक शुक्रवार को चंडीगढ़ से दिल्ली की ओर जा रही तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज सोनीपत डिपो की बस अचानक डिवाइडर से टकराते हुए पलट गई थी। हादसे में बस में सवार चार यात्री घायल हो गए थे। बस चालक कश्मीरी लाल खिड़की से कूदकर भाग गया था। हादसे की सूचना के बाद पुलिस, दमकल विभाग की गाड़ी और एंबुलेंस मौके पर पहुंची थी। सेक्टर-32,33 थाना पुलिस हादसे की जांच कर रही थी। सेक्टर-32,33 थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शनिवार को एक महिला की शिकायत पर आरोपी चालक कश्मीरी लाल के खिलाफ तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने की प्राथमिकी दर्ज की है।
-
यात्रियों ने चालक पर लगाए थे लापरवाही के आरोप
सोनीपत निवासी सनोज ने बताया था कि वह चंडीगढ़ से बस में सवार होकर सोनीपत जा रहे थे। बस चालक लापरवाही और तेज रफ्तार से बस चला रहे थे। ओवरस्पीड को लेकर कई बार चालक को यात्रियों ने धीमी स्पीड करने बारे बोला था। लेकिन चालक ने किसी की नहीं सुनी। करनाल में अटल पार्क के पास सर्विस लेन पर चालक के कट मारने के कारण बस डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई।