करनाल। भोड़वाल माजरी में शुक्रवार से अंतरराष्ट्रीय संत निरंकारी समागम शुरू हो गया है। करनाल से बड़ी सख्या में श्रद्धालु जा रहे हैं। शुक्रवार सुबह से लेकर रात तक दिल्ली की ओर जाने वाली तकरीबन सभी ट्रेनों में अनुयायियों की भीड़ रही।
वीरवार रात से ही उत्तर भारत के कई प्रदेशों व जिलों की संगत का समागम में शामिल होने के लिए आगमन शुरू हो गया था। हालात ये हैं कि यात्रियों को ट्रेनों में खड़े होने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है। इस बार समागम में जिले से भी करीब 20 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। दिल्ली-अंबाला रूट पर चलने वाली एक्सप्रेस, सुपरफास्ट, शताब्दी ट्रेनों के साथ सवारी गाड़ियाें में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। भीड़ के कारण यात्रियों को ज्यादातर ट्रेनों में खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है।
दूसरी ओर देर से चल ही ट्रेनों की वजह से भी यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंबाला से भोड़वाल तक जाने वाली ट्रेनों में पानीपत गाजियाबाद, मुंबई सीएसएमटी, मालवा एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से एक घंटे तक देरी से करनाल पहुंची। जिसकी वजह से शहर से भोड़वाल तक सफर करने वालों को स्टेशन परिसर पर ही इंतजार करना पड़ा।