माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। माता वैष्णोदेवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को ट्रेन की टिकट के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। करनाल से होकर जम्मू जाने वाली ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रही। अप्रैल तक ज्यादातर ट्रेनों में सीटें फुल हो चुकी हैं। लंबी वेटिंग है।
करनाल रेलवे स्टेशन से होकर जम्मू की ओर जाने वाली करीब चार प्रमुख ट्रेनें फुल हैं। किसी भी ट्रेन में कन्फर्म सीट उपलब्ध नहीं है। नवरात्रों के नजदीक आते ही माता वैष्णोदेवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अचानक बढ़ जाती है। यही कारण है कि मार्च के अंतिम सप्ताह से लेकर अप्रैल तक ट्रेनों में टिकटों की मांग काफी अधिक हो जाती है। इस बार भी यही स्थिति देखने को मिल रही है। कुछ ट्रेनों में वेटिंग संख्या 100 से भी अधिक पहुंच चुकी है। ऐसे में कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना भी कम हो गई है।
यात्री हरीश, सौरभ, अनुज, गौरव ने बताया कि रेलवे की ऑनलाइन बुकिंग वेबसाइट और टिकट एजेंटों के पास भी टिकटों को लेकर भारी मांग बनी हुई है। बार-बार वेबसाइट पर जाकर टिकट उपलब्ध होने का इंतजार कर रहे हैं लेकिन फिलहाल उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है।
हर साल नवरात्रों के दौरान लाखों श्रद्धालु माता वैष्णोदेवी के दर्शन के लिए जम्मू-कटरा पहुंचते हैं। इसी कारण इस अवधि में ट्रेनों में टिकटों की मांग अचानक बढ़ जाती है। यात्रियों का कहना है कि अगर रेलवे अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें चलाए या ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए तो श्रद्धालुओं को काफी राहत मिल सकती है।
-
इनका कहना है
परिवार के साथ दर्शन के लिए जाना था लेकिन टिकट नहीं मिल पाने से अब दूसरे संसाधनों से जाने का प्रयास करेंगे। - राजवीर सिंह
ऑफिस से छुट्टी मिली है। घर जाकर परिजन संग माता के दर्शन करने थे लेकिन टिकट नहीं मिलने से प्लान स्थगित करना पड़ेगा। - हिमांशु