करनाल जिले के घरौंडा थाना क्षेत्र के कोहंड गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब चार दोस्त एक बाइक पर सवार होकर घरौंडा बाजार कुछ सामान लेने जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे कोहंड गांव के चार दोस्त विकास (22), साहिल (20), अजय (23), और रोहित (21) एक ही बाइक पर सवार होकर घरौंडा की ओर जा रहे थे।
रास्ते में पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में विकास और साहिल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अजय और रोहित को गंभीर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। घरौंडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने विकास और साहिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि अजय और रोहित का इलाज आईसीयू में चल रहा है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला शव गृह में रखवाया गया है।पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने की कोशिश कर रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान हो सके। घरौंडा थाना प्रभारी ने बताया कि हमने मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं। हादसे की जांच शुरू कर दी गई है, और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद कोहंड गांव में मातम का माहौल है।