दो माह से घरों में पीने के पानी की सप्लाई न होने से परेशान लोगों ने रविवार को जुंडला गेट के पास पुराने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। आक्रोषित लोगों ने जनस्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी। लोगों ने विभाग के अधिकारियों पर पानी के टैंकरों पर मोटी कमीशन लेने का भी आरोप लगाया। जाम लगने की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे विभागीय अधिकारियों के ठोस आश्वासन के बाद लोगों ने जाम खोला।
विभाग की मनमानी के विरोध में मंगल कॉलोनी के लोगों ने जुंडला गेट के पास पुराने जीटी रोड पर जाम लगा दिया। करीब दो घंटों तक सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गई। इससे वाहन चालों व लोगों को भी आने जाने में परेशानी हुई। जाम की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीओ गौरव कंसल ने शाम तक कॉलोनी में पानी की सप्लाई चालू करवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। प्रदर्शनकारियों ने शाम तक पानी की सप्लाई चालू न होने पर फिर सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी है।
सड़क बनाने के दौरान टूटी पाइपें
कॉलोनी वासी जगत राम, मोहन लाल, सुरेश कुमार, पुरुषोत्तम लाल, कृष्णलाल, सोहन सिंह, दीपक, सुनीता, सुशीला, राखी, आरती आदि ने बताया कि पिछले दो माह से कॉलोनी में पानी की सप्लाई बंद पड़ी। कई बार वे इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। लेकिन अभी तक समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है। लोगों का कहना है करीब दो माह पहले कॉलोनी में सड़क बनवाने के लिए खुदाई करवाई गई थी। खुदाई के दौरान कई जगह पर पाइप टूटने की वजह से पानी की सप्लाई रुक गई थी। लेकिन इसके बाद दो माह समय बीत जाने के बाद भी विभाग द्वारा पाइप लाइन को चालू नहीं किया गया है। इससे कॉलोनी में करीब एक हजार घरों में पानी का संकट बना है। विभाग द्वारा हर रोज आठ से दस टैंकर पानी के भेजे जा रहे है। इससे पानी के लिए आए दिन लोगों के बीच लड़ाई झगड़े हो रहे हैं। लोगों ने अधिकारियों पर पानी के टैंकरों मे कमीशन लेने का भी आरोप लगाया है।
वर्जन
मंगल कॉलोनी में सड़कों का निर्माण कार्य होने की वजह से कई जगह पर पाइप लाइन में खराबी आई है। जिसे ठीक करने का काम चल रहा है। लोगों के घरों मे पानी की पहुंचाने के लिए टैंकर की व्यवस्था की गई है। पाइप लाइन का काम पूरा होते ही पानी की सप्लाई शुरू की जाएगी।
-गौरव कंसल, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग, करनाल।
ट्यूबवेल लगाने को अपने प्लॉट में दी जगह : पार्षद
वार्ड 15 के पार्षद सतीश कुमार ने बताया कि मंगल कालोनी में ट्यूबवेल लगाने के लिए विभाग को जगह नहीं मिल रही थी। विभाग को अपने निजी प्लॉट में ट्यूबवेल के लिए जगह दे दी है। विभाग द्वारा अब जल्द ही ट्यूबवेल लगाकर पानी की समस्या का समाधान किया जाएगा। वार्ड में सड़कों का निर्माण कार्य होने की वजह से पानी आपूर्ति बाधित हुई थी।