निसिंंग मंडी में रात से खड़े ट्रोक्टर ट्राॅली। संवाद
निसिंग। अनाज मंडी के बाहर शनिवार की रात बारिश व आंधी में धान की ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लंबी कतार लग गई। रविवार को उठान के लिए मंडी प्रशासन ने खरीद बंद रखी। मंडी में गेटपास व अन्य कार्य के लिए कर्मचारी मौजूद नहीं थे। गुस्साए किसानों ने मंडी गेट पर ट्रैक्टर-ट्रॉलिया खड़ी कर प्रदर्शन किया।
किसानों ने आरोप लगाया कि बारिश व आंधी में किसान अपनी फसल को लेकर मंडी के बाहर भीगता रहा। मंडी सचिव रविवार को अनाज मंडी बंद कर अपने निवास स्थान सिरसा चला गया। सुबह मार्केट कमेटी कार्यालय में पहुंचे तो वहां मौजूद कर्मचारी हुक्का पीने के लिए दफ्तर से किसान भवन में चले गए। कार्यालय में किसानों की कोई कर्मचारी सुध लेने वाला नहीं था।
प्रदर्शन के बाद धान की ट्रैक्टर-ट्राॅलियों का गेटपास जारी करना शुरू किया गया। इस मौके पर किसान नेता गुलजार सिंह, गुरदेव सिंह जलमाना, विजय बस्तली, अंग्रेज सिंह निसिंग, बगेल सिंह निसंगि, जसरूप सिंह, राजेंद्र मंजूरा आदि मौजूद रहे।
अधिक धान आने के कारण मंडी में जगह नहीं थी। इसलिए रविवार को मंडी बंद की गई थी। रविवार को रातभर से खड़े धान लेकर किसानों को गेटपास जारी कर दिए गए हैं और जिले से बाहर के किसानों को धान के गेट पास जारी करने बंद कर दिए है। - यशपाल मेहता, मार्केट कमेटी सचिव, निसिंग