करनाल। पिंगली चौक पर रविवार रात कार सवार युवकों द्वारा ट्रैक्टर चालक और मालिक पर जानलेवा हमला कर 30 हजार रुपये नकदी लूटने का मामला सामने आया है। घायलों का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। शिकायत पर रामनगर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के भानुखेड़ी गांव निवासी प्रवीन ने बताया कि वे तीन महीने से बड़ागांव के शेर सिंह के ट्रैक्टर पर चालक के रूप में काम कर रहे हैं। रविवार रात को वे पराली लोड कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से राठी फैक्ट्री (मतलौडा) की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे पिंगली चौक से थोड़ा आगे निकले एक कार में सवार चार से पांच युवकों ने उनका रास्ता रोका और उन्हें गालियां देना शुरू कर दी। आरोपी नशे की हालत में लग रहे थे। उन्होंने तुरंत मालिक शेर सिंह को सूचना दी। कुछ समय बाद शेर सिंह और गोपाल मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। इस दौरान शेर सिंह के सिर में चोट आई। लोगों को एकत्रित होता देख आरोपी शेर सिंह की जेब से 30 हजार रुपये निकालकर कार में भाग गए।