करनाल। जीटी रोड पर सीएचडी सिटी के पास एक बस ने ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। वहीं, ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
थाना सदर पुलिस को आशीष निवासी बबैन गांव कुरुक्षेत्र ने बताया कि मंगलवार सुबह उसके पिता राजपुरा डिपो से ट्रैक्टर को झज्जर छोड़ने के लिए जा रहे थे। वह अपने पिता के साथ पीछे पीछे बाइक पर चल रहा था। जब उसके पिता सीएचडी सिटी के पास पहुंचे तो पीछे से आ रही एक बस ने उनके ट्रैक्टर को टक्कर मार दी।
इससे उनके पिता को काफी चोटें आई हैं। उनका ट्रैक्टर भी क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने अपने पिता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।