संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। राजकीय महिला महाविद्यालय में अनुसंधान पद्धति पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर डॉ. बागी ने छात्राओं को आज के युग में अनुसंधान के महत्व व आवश्यकता के बारे में बताया। मुख्य वक्ता प्रो. नरेश कुमार ने कहा कि किसी भी देश के आर्थिक विकास के लिए अनुसंधान का महत्व सर्वोपरि है, जो देश आज विकसित हैं, उनके विकास में वहां के युवाओं के अनुसंधान का बड़ा योगदान है। कार्यक्रम में पं. चिरंजी लाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय से अर्थशास्त्र विभाग के प्रो. नरेश कुमार ने शिरकत की। प्राचार्य डॉ. महेंद्र सिंह बागी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
अर्थशास्त्र विभाग की सहायक प्रवक्ता डॉ. मीनू आनंद ने मंच का संचालन किया। इस अवसर पर अनुसंधान विकास प्रकोष्ठ के सदस्य डॉ. हितेंद्र विशेष रूप से उपस्थित रहे। महिला प्रकोष्ठ और फर्स्ट एड कमेटी के अंतर्गत आज छात्राओं में को प्राथमिक उपचार से संबंधित जानकारी दी गई। सिविल अस्पताल घरौंडा से डॉक्टर ममतेश ने प्राथमिक उपचार के तरीकों पर प्रकाश डाला। मौके पर सहायक प्रवक्ता रचना, डॉ. सतीश कुमार, पवन कुमार, डॉ विक्रम सिंह, अनुराधा व संदीप कुमार मौजूद रहे।