सरकारी स्कूल के पास बने नाले के हटें हुये स्लैब। संवाद
तरावड़ी। नगर पालिका द्वारा करवाई गई नालों की सफाई अब लोगों के लिए नई परेशानी बनती जा रही है। सफाई के दौरान हटाए गए स्लैब दोबारा नहीं लगाए जाने से कई स्थानों पर खुले नाले हादसों को न्योता दे रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विशेषकर स्कूलों के आसपास के क्षेत्रों में नालों के स्लैब हटाकर छोड़ दिए गए हैं। इसके कारण कई दोपहिया वाहन चालक गिर चुके हैं, वहीं स्कूल जाने वाले बच्चे भी चोटिल हो चुके हैं। राजकुमार गाबा, जतिन कुमार, नवीन कुमार, तरुण कुमार और भीमसेन ने बताया कि लगभग दो माह पहले सफाई के लिए स्लैब हटाए गए थे, लेकिन अब तक उन्हें वापस नहीं लगाया गया। कई बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
दयाराम मंदिर के पीछे वाली गली और रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर भी स्थिति गंभीर बनी हुई है। लोगों की आवाजाही अधिक होने के बावजूद खुले नाले दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
नगर पालिका सचिव अजीत कुमार ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और जल्द ही सभी स्थानों पर स्लैब दोबारा लगवाए जाएंगे। संवाद