सीएम मनोहर लाल रविवार को करनाल में होने वाले सफाई मित्र उत्थान सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इससे पहले रोहतक और पानीपत में हुए किसानों के विरोध के बाद सीएम के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट है। करनाल के डॉ. मंगल सेन सभागार में कार्यक्रम होना प्रस्तावित है। ऐसे में समारोह स्थल पर पहुंचने वाले हर रास्ते को प्रशासन ने शनिवार देर शाम सील कर दिया। डबल लेयर नाकाबंदी की गई है। आंबेडकर चौक और अग्रसेन चौक पर करीब 20 डंफर और ट्रक खड़े किए गए हैं। साथ ही इनसे आगे और पीछे सड़क में बल्ली खोदकर करीब पांच फुट तक लोहे की जाली भी लगाई गई है। रविवार को ये रास्ते पूरी तरह से बंद रहेंगे। ऐसे में इन रास्तों से रोजाना गुजरने वाले ट्रैफिक के लिए रूट भी डायवर्ट किए गए हैं।
कालीदास रंगशाला और एनडीआरआई में भी शिफ्ट हो सकता है आयोजन
फिलहाल डॉ. मंगलसेन सभागार में कार्यक्रम की तैयारी की गई है। सूत्रों के अनुसार, प्रशासन ने गुप्त रूप से कर्ण स्टेडियम के साथ लगती कालीदास रंगशाला और एनडीआरआई में भी सम्मेलन कराने की व्यवस्था की हुई है। हालांकि अधिकारी इस बारे में चुप्पी साधे हुए हैं। बताया जा रहा है कि कर्ण स्टेडियम में सीएम का हेलीकॉप्टर उतरेगा। यहां से सड़क मार्ग से सीएम आयोजन स्थल पर पहुंचेंगे।
इस रास्ते से निकलेगा ट्रैफिक
-काछवा रेलवे ओवरब्रिज की तरफ से आने वाला ऐसा ट्रैफिक जिसे आंबेडकर चौक के रास्ते हाईवे पर जाना है, वह पश्चिमी यमुना बाईपास पर डायवर्ट होगा। वहीं शहर में आने वाले ट्रैफिक को पुल बार करने के बाद पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के पास से रेलवे रोड पर डायवर्ट किया जाएगा।
-बलड़ी बाईपास और आईटीआई चौक के रास्ते शहर में आने वाले शहर से बाहर जाने वाला ट्रैफिक निर्मल कुटिया और अन्य मार्गों से प्रवेश करेगा।
एक हजार सफाई मित्रों से करेंगे सीएम संवाद..
करनाल में होने वाले सफाई मित्र उत्थान सम्मेलन में सीएम सीएम सफाई मित्रों से सीधा संवाद भी करेंगे। सीएम के समक्ष सफाई कर्मचारियों की समस्याएं भी रखी जाएंगी। प्रदेशभर से करीब एक हजार सफाई मित्र कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल, सीएम के राजनीतिक सचिव कृष्ण बेदी, एचएलआरडीसी के चेयरमैन जगदीश नैय्यर, खादी ग्रामोद्योग के चेयरमैन रामनिवास, विधायक बिशंभर वाल्मीकि और स्वच्छ भारत मिशन के कार्यकारी उपाध्यक्ष सुभाष चंद भी हिस्सा लेंगे।
सीएम के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। -निशांत कुमार यादव, डीसी करनाल।