करनाल। सीईटी यानी सामान्य पात्रता परीक्षा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। शनिवार और रविवार को जींद से परीक्षा देने करनाल पहुंचने वाले 70 हजार अभ्यर्थियों को शटल बस सर्विस के माध्यम से परीक्षा केंद्र पहुंचाया जाएगा। रोडवेज ने परीक्षा केंद्रों के हिसाब से 14 मार्ग बनाए हैं। दोनों दिन सुबह और शाम 149 बसें परीक्षा केंद्रों के फेरे लगाएंगी।
नई पुलिस लाइन में शटल बस सर्विस के लिए अस्थायी तौर पर टर्मिनल बनाया गया है। जींद से अभ्यर्थियों को लेकर सभी बसें यहीं पहुंचेंगी। यहां से केंद्रों के लिए बसें रवाना होंगी। न्यूनतम 4 किमी. से लेकर 17 किमी. की दूरी पर परीक्षा केंद्र है। केंद्रों तक पहुंचने में 45 मिनट तक का समय लगेगा। समय और दूरी के हिसाब से प्रत्येक मार्ग पर 8 से लेकर 19 बसें लगाई गई हैं, जो कई चक्कर लगाएंगी। यही बसें परीक्षा संपन्न होने के बाद अभ्यर्थियों को लाएंगी।
अकेले रेलवे रोड के परीक्षा केंद्रों के हिसाब से चार मार्ग बनाए गए हैं। 149 बसें अपने मार्ग और समय के अनुसार रवाना होंगी। इसके अलावा 61 बसें जरूरत पर चलाई जाएंगी। पुलिस की सलाह है कि नई पुलिस लाइन यानी कैथल मार्ग पर बसों का ठहराव होने से यातायात का दबाव ज्यादा रहेगा, ऐसे में लोग इस मार्ग पर जाने से बचें।
600 जवान संभालेंगे सुरक्षा व्यवस्था
जिले में 40 शिक्षण संस्थानों में 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। कुल चार शिफ्ट में करीब 70 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। 600 पुलिसकर्मियों को ड्यूटी पर लगाया गया है। शहर में जाम न लगे, इसके लिए यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती बढ़ाई गई है।
ये भी जानें
- सीईटी के कारण 26 और 27 जुलाई को स्कूलों में छुट्टी रहेगी।
- परीक्षा केंद्रों के नजदीक फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी।
- लघु सचिवालय के शिक्षा विभाग में कंट्रोल रूम बनाया गया।
- हेल्पलाइन नंबर- 0184-2270729 और 82959-81765 हैं।
शटल बस सर्विस के मार्ग और परीक्षा केंद्र
- मार्ग-1 (8 बसें) : रेलवे रोड स्थित एसबीएस स्कूल, डीएवी कॉलेज ब्लॉक-ए और बी, डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के लिए।
- मार्ग-2 (10 बसें) : रेलवे रोड स्थित एसडी मॉडल स्कूल ब्लॉक-ए और बी, एसडी सीनियर सेकेंडरी ब्लॉक-ए और बी, केवीए डीएवी कॉलेज।
- मार्ग-3 (8 बसें) : एसपीएस कान्वेंट स्कूल हांसी रोड, जीजीएसएसएस प्रेमनगर, जीएसएसएस प्रेमनगर, गुरुनानक कन्या स्कूल अर्जुन नगर।
- मार्ग-4 (8 बसें) : रेलवे रोड स्थित गुरु नानक खालसा कॉलेज ब्लॉक-ए और बी, दयाल सिंह कॉलेज ब्लॉक-ए और बी के लिए।
- मार्ग-5 (12 बसें) : गुरु तेग बहादुर स्कूल मॉडल टाउन, गुरु हरकृष्ण पब्लिक स्कूल सेक्टर-13, ओपीएस विद्या मंदिर ब्लॉक-ए और बी के लिए।
- मार्ग-6 (8 बसें) : पीएमश्री जीएसएसएस बस स्टैंड, डीपीएस कर्ण लेक ब्लॉक-ए और बी।
- मार्ग-7 (12 बसें) : पंडित चिरंजीलाल राजकीय पीजी कॉलेज ब्लॉक-ए और बी, आरएस पब्लिक स्कूल मीराघाटी ब्लॉक-ए और बी।
- मार्ग-8 (8 बसें) : प्रताप पब्लिक स्कूल जरनैली कॉलोनी, विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल आदर्श नगर, एसडी आदर्श सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुंजपुरा रोड ब्लॉक-ए और बी।
- मार्ग-9 (19 बसें) : प्रताप पब्लिक स्कूल सेक्टर-6 ब्लॉक-ए और बी, टैगोर बाल निकेतन सेक्टर-6 ब्लॉक-ए और बी, वीयूएमएन जैन पब्लिक स्कूल, प्रकाश पब्लिक स्कूल विकास नगर।
- मार्ग-10 (12 बसें) : सेक्टर-8 स्थित द जेनेसिस स्कूल, संत कबीर पब्लिक स्कूल, दयाल सिंह पब्लिक स्कूल सेक्टर-7 ब्लॉक-ए और बी।
- मार्ग-11 (17 बसें) : निर्मल पब्लिक स्कूल नजदीक आईटीआई चौक, सेंट थैरेसा कान्वेंट स्कूल ब्लॉक-ए और बी, आदर्श पब्लिक स्कूल ब्लॉक-ए और बी, ओपीएस इंटरनेशनल स्कूल।
- मार्ग-12 (10 बसें) : डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल इंद्री रोड, बुद्धा कॉलेज रंबा।
- मार्ग-13 (8 बसें) : राजकीय महिला कॉलेज रेलवे रोड, श्री कृष्ण प्रणामी स्कूल मॉडल टाउन, आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल अल्फा सिटी।
- मार्ग-14 (9 बसें) : पुलिस लाइन से नया बस अड्डा वाया पुराना बस अड्डा।
बोर्ड से पता चलेगा कौन-सा रूट
प्रत्येक बस पर रूट नंबर के अलावा परीक्षा केंद्र का नाम भी लिखा होगा। अभ्यर्थियों के नई पुलिस लाइन टर्मिनल पर पहुंचते ही मुख्य द्वार पर उन्हें बोर्ड लगे दिख जाएंगे। जिससे उन्हें अपने परीक्षा केंद्र के नाम के हिसाब से रूट नंबर पता चल जाएगा। शटल बस सर्विस में 149 बसों को मार्ग पर चलाने के साथ-साथ 61 बसों को रिजर्व में भी रखा है। जिन्हें संबंधित मार्ग पर जरूरत के हिसाब से चलाया जा सकेगा। - कुलदीप सिंह, जीएम रोडवेज