- टायर फटने से पलटे ट्रक चालक की मदद के लिए उतरा तो कैंटर ने मारी टक्कर
- हिमाचल के बद्दी का रहने वाला था मृतक दीपराम
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कर्ण लेक के पास मंगलवार को पिकअप चालक को कैंटर ने टक्कर मार दी। जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि हिमाचल से ट्रक में सेब लेकर चालक दिल्ली जा रहा था, इसी दौरान टायर फटने से ट्रक पलट गया। तभी पिकअप चालक उसकी मदद के लिए उतरा तो उसे कैंटर ने टक्कर मार दी।
सोलन के नालागढ़ के महसा टिब्बा निवासी कृष्ण सिंह ने बताया कि वह सोमवार को हिमाचल के कुल्लु से ट्रक में सेब भरकर दिल्ली जा रहा था। मंगलवार सुबह करनाल में हाईवे पर कर्ण लेक के पास पहुंचा तो ट्रक का टायर फट गया और अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी दौरान पीछे से आ रही पिकअप गाड़ी के चालक ने उसकी मदद की। उसने पिकअप चालक हिमाचल के बद्दी निवासी दीपराम से पानी लाने को कहा। दीपराम अपनी गाड़ी खड़ी कर पानी लेने जाने लगा तो अंबाला की तरफ से आए कैंटर चालक ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में पिकअप चालक दीपराम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।