- पिछले वर्ष 106 प्रतिशत टीबी मरीज तलाश कर प्रदेश में अव्वल रहा था जिला
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। टीबी मुक्त भारत अभियान-2025 के लिए राज्य टीम ने करनाल जिले की संभावित जनसंख्या के हिसाब से वर्ष 2024 में 56000 संदिग्ध मरीजों की तलाश कर उनकी माइक्रोस्कॉपी जांच करने का लक्ष्य दिया है। वहीं इनमें से छह हजार टीबी के मरीज निकालने का लक्ष्य भी निर्धारित किया है। वर्ष 2024 के छह माह बीत चुके हैं और अभी तक स्वास्थ्य विभाग की टीबी की सरकारी व निजी अस्पतालों की टीमों ने जून तक 2762 मरीजों की तलाश की है।
वहीं राज्य टीम की ओर से दिए गए लक्ष्य तक पहुंचने के लिए आगामी छह माह में टीमों को 3238 मरीज और तलाशने होंगे। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी डॉक्टरों की बैठक ली है। जिससे जल्द लक्ष्य तक पहुंचा जा सके।
टीबी के लक्षण
- दो सप्ताह से ज्यादा खांसी हो।
- शाम के समय बुखार आता हो।
- खांसते समय बलगम में खून आता हो।
- छाती में दर्द होता हो या सांस फूलती हो।
- भूख और वजन कम हो रहा हो।
- रात के समय पसीना आता हो।
छह माह में तलाशे गए टीबी मरीज
माह मरीज
जनवरी 334
फरवरी 456
मार्च 540
अप्रैल 455
मई 541
जून 436
स्टेट की ओर से वर्ष 2024 में करनाल जिले को छह हजार टीबी के मरीज तलाशने का लक्ष्य मिला है। अभी तक जिले की टीमों ने छह माह में 2762 मरीज तलाश किए हैं। आगामी छह माह में 3238 मरीज तलाशने हैं। इसको लेकर सरकारी व निजी डॉक्टरों के साथ बैठक की जा चुकी है। जिससे लक्ष्य तक आसानी से पहुंच सकें।
- डॉ. सिम्मी कपूर, उप-सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग, करनाल