करनाल।गणतंत्र दिवस समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस सतर्क है। जिला स्तरीय समारोह और ग्रामीण अंचल के समारोह के लिए कड़ी सुरक्षा है। शहर में 24 जगह पर नाके लगाए गए हैं। करीब 500 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। शहर की सभी मुख्य रास्तों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, धर्मशाला और होटलों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
शहर क्षेत्र में राइडर और गश्ती टीमें लगातार विभिन्न रूटों पर भ्रमण कर रही हैं। ये टीमें संदिग्ध लोगों के साथ लावारिस वाहनों, रिक्शा, मोटरसाइकिल और अन्य संदिग्ध वस्तुओं पर विशेष नजर रख रही हैं। आमजन और वीआईपी की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए हर स्तर पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस लाइन मैदान में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रविवार को पुलिस ने जिलेभर में होटल, लॉज, धर्मशालाओं, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। वहां ठहरे लोगों का रिकॉर्ड और पहचान सत्यापन किया गया।
होटल-धर्मशालाओं में सख्त सत्यापन
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र में पड़ने वाले होटल, लॉज, धर्मशालाओं, ढाबों और अन्य धार्मिक व सार्वजनिक स्थलों की गहन जांच सुनिश्चित करें। वहां ठहरे प्रत्येक व्यक्ति का पूरा सत्यापन किया जा रहा है। होटल और धर्मशाला संचालकों को साफ निर्देश दिए गए हैं कि अगर कोई संदिग्ध या असामाजिक तत्व ठहरता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, अन्यथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये रहेगा कार्यक्रम-
गणतंत्र दिवस पर जिला स्तरीय समारोह पुलिस परेड मैदान, पुलिस लाइन, कैथल रोड पर आयोजित किया जाएगा। मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण होंगे।
राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा- सुबह 10 बजे
परेड का निरीक्षण- सुबह 10:05 बजे
मार्च पास्ट- सुबह 10:20 बजे
सांस्कृतिक कार्यक्रम- सुबह 10:30 बजे
झांकियों का प्रदर्शन- सुबह 11 बजे
प्रशंसा पत्रों का वितरण- सुबह 11:20 बजे
राष्ट्रीय गान- सुबह 11:30 बजे