माई सिटी रिपोर्टर
करनाल/मूनक। यार्ड में रखे जाने वाले जिस सामान की सुरक्षा के लिए कंपनी ने तीन सुरक्षा गार्ड तैनात किए थे। वही गार्ड रात में सामान चोरी कर ले गए।
तीनों ने यार्ड के पिछले द्वार की नकली चाबी बनवाई, इसके बाद रात में गेट खोला और गाड़ी में सामान लादकर ले गए। मूनक थाना पुलिस ने कंपनी के एएसओ की शिकायत पर जींद निवासी तीनों सुरक्षा गार्डों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
झज्जर निवासी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि वे एक्सेल सिक्योरिटी में एएसओ के पद पर एलटी पानीपत में तैनात हैं। उनकी कंपनी के सुरक्षा गार्ड एलटी कुताना यार्ड में भी तैनात हैं। जींद के गुराना गांव निवासी अमरजीत सिंह, साहिल और सोनू गांव से एक ही बाइक पर सवार होकर ड्यूटी के लिए आते थे।
23 मई की रात करीब दो बजे उनकी कंपनी के तीन सुरक्षा गार्डों ने साजिश के तहत यार्ड के पिछले गेट की नकली चाबी बनवाई।
इसके बाद पिकअप में सामान भरकर गेट से बाहर निकलवा दिया। तीनों गार्ड का मोबाइल फोन बंद आ रहा है। आरोपी बाइक भी कुताना यार्ड में छोड़ गए हैं।