डीएसपी राजेश कुमार के नेतृत्व में सीआईए-वन स्टाफ की बनाई टीम ने जीटी रोड घरौंडा के समीप से ट्रक से भुक्की की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की है।
पुलिस ने 530 किलोग्राम भुक्की के साथ में तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को आरोपियों को कोर्ट में पेश कर सीआईए वन ने सात दिन के रिमांड पर लिया है।
प्रेसवार्ता में डीएसपी हेड क्वार्टर राजेश कुमार ने बताया कि एसपी अभिषेक गर्ग के निर्देशानुसार टीम में उप निरीक्षक मुकेश कुमार, सहायक उप निरीक्षक सिंहराज व अन्य शामिल रहे। उन्होंने बताया कि वीरवार को सूचना के आधार पर आरोपी अजायब सिंह, प्रगट सिंह व कुलविंद्र सिंह वासीय बिलौना करनाल को जीटी रोड घरौंडा से ट्रक सहित गिरफ्तार किया। आरोपी ट्रक में चावल की भूसी में छिपाकर 530 किलोग्राम भुक्की ले जा रहे थे। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि यह भुक्की पानागढ़ पश्चिम बंगाल से लेकर आए थे।
आरोपियों के खिलाफ घरौंडा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश कर 12 जून तक रिमांड हासिल किया। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जाएगी। एसपी अभिषेक गर्ग ने सभी जिला वासियों से अपील की कि वे अपने आसपास यदि किसी भी तरह का कोई अपराधी यदि उन्हें देखें तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके। सूचना देने वाले का नाम व पता गुप्त रखा जाएगा।