गांव राहड़ा के खेतों में किसानों के ट्यूबवेलों से केबल चोरी की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही। पिछले नौ दिनों के अंतराल में अब तक सौ के करीब ट्यूबवेलों से केबल चोरी हो चुकी है।
बीती रात चोरों ने पंगाला संपर्क मार्ग के आसपास के खेतों को निशाना बनाया और तीन दर्जन ट्यबवेलों से केबल उड़ा ले गए। केबल जलाकर तांबा निकालने के चक्कर में अब तक दो कमरे और कमरों में रखा कीमती सामान भी आग की भेंट चढ़ चुका है।
बीती रात जिस कमरे में चोरों ने केबल एकत्रित कर एकसाथ तांबा निकाला उस कमरे के साथ-साथ उसमें रखी खाद, कीटनाशक व अन्य सामान भी जलकर खाक हो गया। इसके चलते वीरवार को ग्रामीणों ने गांव में ही सामूहिक पंचायत का आयोजन किया और अब तक चोर गिरोह का पता लगाने में नाकाम रही पुलिस के खिलाफ भी रोष प्रकट किया। पुलिस दल ने मौके का मुआयना किया।
प्रभावित किसान रामबीर ने बताया कि गत 30 दिसंबर को इसी तरह उसके व कई ट्यूबवेलों से केबल चोरी की चोरों ने खेतों में उसके कमरे में जलाकर चोरों ने तांबा निकाला था, जिससे उसका कमरा व उसमें रखा सामान जल गया था।
अगली ही सुबह इस वारदात की सूचना असंध पुलिस को दे दी गई थी। किसान संजय, काला, रोहताश, कुशलपाल, ठाठ सिंह, हरपाल, रामभज, चंद्रपाल, सतपाल, अंग्रेज, जनकराज, जोगराज, खेमचंद, लक्ष्मण, महेंद्र, देवेंद्र, नरेंद्र, फकीरचंद, सत्यनारायण, लक्ष्मी नारायण, रामपाल, हुकमचंद, श्रीचंद, मेहर सिंह, मोमन सहित अन्य किसानों के ट्यूबवेलों से केबल चोरी कर केबल चोर गिरोह के सदस्यों ने बीती रात इन्हें सुगनपाल के खेत में ट्यूबवेल के कमरे में इकट्ठा किया। किसान संजय के समीपवर्ती खेत से चारपाई पर रख तांबा निकालने के लिए आग के हवाले कर दिया।
चोर तांबा लेकर चले गए, लेकिन मकान से वीरवार सुबह भी आग की लपटें उठ रही थीं। केवल बीती रात की घटना से ही केबल, स्टार्टर व अन्य सामान सहित किसानों को लाखों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से गिरोह का जल्द पता लगाने के लिए सभी प्रयास तेज करने की गुहार लगाई है।