करनाल। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) गुंजन वर्मा ने बुधवार को करनाल शहरी क्षेत्र के आसपास तीन अवैध कॉलोनियों में जेसीबी के माध्यम से तोड़फोड़ की। कॉलोनाइजरों के तीन कार्यालय, भवनों की डीपीसी सहित कई सड़कों और सीवरेज नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया।
बुधवार को डीटीपी की टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट व मधुबन थाना पुलिस के साथ कार्रवाई शुरू की। लगभग एक एकड़ में गांव कंबोपुरा में स्थित अवैध कॉलोनी में एक डीपीसी और सभी कच्ची सड़कों को तोड़ दिया गया। दूसरी अवैध कॉलोनी लगभग चार एकड़ में गांव कंबोपुरा में ही अशोक विहार काॅलोनी के पीछे पनप रही थी। यहां पर डीलर दो कार्यालय बनाकर प्लाॅटिंग कर रहा था।
टीम ने इन कार्यालयों के साथ साथ 15 भवनों की डीपीसी., एक प्लाट की चहारदीवारी व सभी कच्ची सड़कों को ध्वस्त कर दिया। कुछ लोग मौके पर आए लेकिन पुलिस बल को देखते हुए विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा सके। तीसरी अवैध कॉलोनी लगभग चार एकड़ में गांव बजीदा के रकबे में दहा गांव के पास बनाई जा रही थी, यहां भी एक डीलर हट बना लिया गया था। टीम ने डीलर हट के साथ साथ यहां बनाई गईं दो भवनों की डीपीसी, सीवरेज पाइप को ध्वस्त किया।