कोहंड-असंध रोड पर गांव बेगमपुर के समीप पुलिस ने शुक्रवार रात को एक फैक्टरी पर छापा मारा, जहां पर नकली तारकोल बनाने का काम चल रहा था। मूनक थाना पुलिस ने मौके से दो टैंकर, 19 ड्रम व ग्रे पंप बरामद किया। इसके साथ ही पुलिस ने फैक्टरी के मुनीम सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने फैक्टरी के तीन मालिकों सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शनिवार को दोबारा फैक्टरी का निरीक्षण किया। पुलिस का दावा है कि फैक्टरी के मालिकों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस को शुक्रवार देर रात लगभग 11 बजे गुप्त सूचना मिली कि कोहंड-असंध मार्ग पर गांव बेगमपुर के समीप श्री जय बजरंग बली ट्रांसपोर्ट कंपनी में नकली तारकोल बनाने का काम चल रहा है। मूनक पुलिस ने टीम के साथ छापा मारा। पुलिस की कार्रवाई से मालिकों में हड़कंप मच गया और वे मौके से फरार हो गए। पुलिस ने लगभग चार घंटे तक फैक्टरी को खंगाला। पुलिस को फैक्टरी से तारकोल से भरे टैंकर मिले। इसके साथ ही 19 ड्रम और तेल निकालने के दो ग्रे पंप भी बरामद किए। इन ड्रमों में केमिकल भरा हुआ था। इसके अलावा करीब आधा दर्जन ड्रम ऐसे भी मिले हैं, जिनमें एल्कोहल जैसा केमिकल था। पुलिस ने फैक्टरी से पकड़े गए टैंकर चालक राजेंद्र व हेल्पर अखिलेश निवासी सीका हुला (उत्तर प्रदेश) तथा यूपी के ही अंगोस निवासी हेमराज को गिरफ्तार कर लिया। जबकि फैक्टरी मालिक प्रकाश निवासी मूनक, गोविंद सिंह राठी निवासी फरीदाबाद सहित अन्य व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
ट्रक चालकों से करते थे सांठगांठ, बनाते थे नकली तारकोल
पुलिस के अनुसार फैक्टरी मालिक ने रिफाइनरी से आने वाले ट्रक चालकों से सांठगांठ की हुई थी। रिफाइनरी से जो तेल व तारकोल भरी गाड़ियां आती थी, उन्हें अपनी फैक्टरी में ले जाकर उन टैंकरों से तेल व तारकोल चोरी किया जाता था। इसके बाद उसमें केमिकल डालकर नकली तारकोल तैयार करते थे।
कई सालों से चल रहा है अवैध कार्य
नकली तारकोल और टैंकरों से तेल चोरी करने का अवैध कार्य कई सालों से चल रहा है। रिफाइनरी के नजदीक ऐसी अनेकों फैक्टरियां बनी हुई हैं, जहां पर टैंकरों से तेल व तारकोल चोरी किया जाता है और फिर केमिकल से नकली तारकोल तैयार करते हैं। इससे इन आरोपियों को काफी मुनाफा होता है लेकिन पुलिस इस अवैध काम पर अंकुश लगाने में असमर्थ है। यह आरोपी टैंकर से तेल आदि चोरी कर उसका वजन पूरा करने के लिए उसमें केमिकल मिला देते हैं।
गांव बेगमपुर के समीप श्री जय बजरंग बली ट्रासपोर्ट कंपनी में नकली तारकोल बनाने की सूचना मिली थी। छापा मारकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फैक्टरी से दो कैंटर, 19 ड्रम व दो पंप बरामद किए हैं। फैक्टरी के तीन मालिकों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-जगदीश पांडेय, थाना प्रभारी, मूनक।