करनाल। साइबर थाना पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट मामले में तीसरे आरोपी नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के सोनिया विहार निवासी प्रशांत कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी मान कॉलोनी निवासी बुजुर्ग से अक्तूबर माह में डिजिटल अरेस्ट करके की गई 15 लाख रुपये की ठगी में शामिल था। आरोपी से 30 हजार रुपये और मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
साइबर थाना के पुलिस जांच अधिकारी देवेंद्र सिंह मान ने बताया कि अक्तूबर माह में बुजुर्ग को मनी लॉन्ड्रिंग के मामले की आठ एफआईआर दर्ज होने का डर दिखाकर 15 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई थी। इस मामले में पुलिस ने शनिवार को आरिफ और आसिफ अली को गिरफ्तार किया था। आरोपी आरिफ को अदालत के आदेश के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया था जबकि आरोपी आसिफ अली का तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया था। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी पूछताछ में खुलासा हुआ कि उक्त ठगी में उसका अन्य साथी प्रशांत कुमार भी शामिल था।
इसके बाद पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रशांत कुमार को सोनिया विहार, दिल्ली से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया, वहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।