करनाल में सिटी थाना इलाके की डीसी कॉलोनी में सोमवार की देर शाम चोरों ने एक बंद मकान को अपना निशाना बनाकर लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया।
खास बात यह है कि जब यह वारदात हो रही थी, इसी दौरान मकान मालिक की पुत्रवधु मौके पर आ पहुंची और चोर किसी के आने की आहट सुन पीछे आंगन से पड़ोस के मकान में कूदकर फरार हो गए।
राजेंद्र नगर की डीसी कॉलोनी में रहने वाले करनाल फोटोस्टेट के मालिक विनोद कुमार परिवार के साथ तीन रोज से वैष्णों देवी माता के दर्शन के लिए गए हुए हैं।
विनोद कुमार के बड़े बेटे की पत्नी अंकिता सोमवार की शाम करीब सात बजे अचानक घर की देखभाल करने के लिए पहुंची थी। जैसे ही अंकिता ने मकान का दरवाजा खोला तो, दरवाजा अंदर से बंद मिला।
यह देखते ही वह समझ गई कि अंदर कोई है। इसी बीच अंदर घुसे चोरों को भी अंदाजा हो गया कि मकान मालिक आ गया है। जब तक अंकिता कुछ समझ पाती, चोर आंगन में कूद कर पीछे से पड़ोसी के मकान में कूदकर भाग निकले। जाते वक्त चोरों के पास से चांदी के कुछ सिक्के और एक मंगलसूत्र भी गिर गया।
इसी बीच अंकिता ने दूसरा दरवाजा खोल कर अंदर प्रवेश किया, तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। यह देखकर वह दंग रह गई और अपने देवर तनुज के पास फोन किया। सूचना मिलते ही तनुज भी घर पर पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने मकान को सील कर दिया है और सुबह फोरेंसिक एक्सपर्ट जांच करेंगे।
उधर, परिवार के लोगों का कहना है कि यह बता पाता संभव नहीं है कि कितने रुपये का माल चोरी हुआ है। क्योंकि माता-पिता के आने के बाद ही सारी कहानी का पता चलेगा। लेकिन इतना जरूर है कि चोर लाखों रुपये का माल उड़ा ले गए हैं। मकान की हालत देखकर लगता है कि चोरों ने फुर्सत में काम किया है। पुलिस फिलहाल, मामले की जांच कर रही है।