आरोपी को मेडिकल के लिए लेकर जाते पुलिस कर्मी संवाद
करनाल। पांच हजार रुपये की सुपारी लेकर कुरुक्षेत्र स्थित संत रामपाल के आश्रम के मुख्य गेट पर फायरिंग करने के आरोपी त्रिशूल गैंग के शूटर अनिल उर्फ सोपू उर्फ तोतला को जेल भेज दिया गया है। सीआईए-2 की टीम के साथ मुठभेड़ में पैर में गोली लगने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। रिमांड अवधि पूरी होने पर पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक करन गोयल के अनुसार, 23 अक्तूबर को सीआईए-2 की टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसके बाद टीम ने तरावड़ी क्षेत्र में भैणी खुर्द और रुकनपुर के बीच रजवाहे की पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस को सामने देखकर आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली आरोपी के पैर में लगी।
आश्रम के मुख्य गेट पर की थी फायरिंग
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी ने 21 अक्तूबर को कुरुक्षेत्र स्थित संत रामपाल के आश्रम के मुख्य गेट पर गोलियां चलाई थीं। इस वारदात को अंजाम देने के लिए उसे पांच हजार रुपये की सुपारी मिली थी। आश्रम पर फायरिंग के मामले में कुरुक्षेत्र सीआईए-1 की टीम जांच कर रही है।