करनाल। नीलोखेड़ी में चर्च के पास की भूमि को लेकर दोनों पक्ष अपना-अपना दावा कर रहे हैं। भूमि को खरीदने का दावा करने वाला पक्ष वहां पर निर्माण कराने पर अड़ा है। इसे देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को मंगलवार शाम पांच बजे बुलाया है, ताकि समस्या का समाधान निकाला जा सके।
नीलोखेड़ी में गोल मार्केट स्थित यूनाइटेड चर्च से सटी भूमि पर एक पक्ष ये दावा कर रहा है कि ये भूमि उनकी है और उनके पास इसके अभिलेख हैं, भूमि को उसने खरीदा है। जबकि चर्च के पादरी का कहना है कि ये भूमि पहले से चर्च की ही है। मामला न्यायालय में भी चल रहा है। ये लोग भूमि पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं। बताते हैं कि शनिवार को भूमि को अपना बताने वाला पक्ष मौके पर पहुंचा और पुरानी दीवार को तोड़कर वहां नया निर्माण कराने लगा तभी चर्च प्रबंधन व अन्य लोगों ने उसे रोक दिया। मौके पर तनाव जैसी स्थिति को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कर दिया। नीलोखेड़ी पुलिस चौकी प्रभारी संदीप लोहान ने बताया कि दोनों पक्षों को मंगलवार की शाम पांच बजे बुलाया गया है, ताकि दोनों पक्षों को आमने सामने बैठाकर मामले को समझा जा सके। ब्यूरो