संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। श्री श्याम बालाजी दर्शन सेवा समिति की ओर से आयोजित श्री बालाजी एवं श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव में शुक्रवार को श्याम नाम की सरिता बही। डिवाइन बैंक्वेट हॉल हुए संकीर्तन में भजनों ने सभी को भावविभोर कर दिया। श्रीकृष्ण बने कलाकार जब चूडियां बांटने आए तो दिल्ली की कलाकार किशोरी कनिष्का के भजन ने सभी को नाचने के लिए मजबूर कर दिया। गलियों में शोर मचाया, श्याम चूड़ी बेचने आया, राधा ने सुनी, ललिता से कही, मोहन को तुरंत बुलाया, श्याम चूड़ी बेचने आया...।
इसके बाद पिहोवा के कलाकार जतिन जिंदल ने ‘हम तो दिल से हारे, जब जब प्रेमी, कहीं पे कोई रोता है..., अक्सर तन्हाई में तुझे पुकारे, ना जोर दिल पे चले, हम हारें हारें हारें...’ भजन प्रस्तुत किया। दिल्ली के कलाकार गौरव गंधर्व ने ‘हार गया बाबा, अब तो शरण लगा ले, अपनी गोदी में अब मुझको बिठा ले...’ भजन गाकर बाबा की महिमा का गुणगान किया।
करनाल के कलाकार डाॅ. दिनेश ने ‘श्याम नाम जप ले बंदे, श्याम ही आधार है...’ भजन प्रस्तुत किया।
संकीर्तन में आशु भगत निज मंदिर मुख्य पुजारी श्री महामाया बाला सुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर देवेंद्र और निज मंदिर पुजारी परिवार चुलकाना धाम शामिल हुए। संकीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं ने श्री श्याम रसोई में प्रसाद ग्रहण किया। संकीर्तन का शुभारंभ विधायक जगमोहन आनंद और मेयर रेनू बाला गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर प्रमोद मंगला, डाॅ. हरिराम गुप्ता, डाॅ. दिनेश गोयल, विकास गर्ग, योगेंद्र शर्मा, संजीव मित्तल, अमन गोयल, संजीव गोयल, विपिन गुप्ता और विजय गर्ग मौजूद रहे।