- झगड़े के कारण छह माह से मायके में थी पत्नी
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। पिंगली चौक इलाके में घरेलू विवाद में मानसिक तनाव से जूझ रहे 38 वर्षीय व्यक्ति ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। उसने अपनी मौत का कारण दीवार पर भी लिखा है। मृतक की पहचान राजपाल के रूप में हुई है। जो एक फर्नीचर की दुकान में कारपेंटर का काम करता था और तीन बच्चों का पिता था।
बताया जा रहा है कि मृतक का पत्नी के साथ काफी समय से विवाद चल रहा था। पत्नी पांच-छह महीनों से मायके में रह रही थी। इस दौरान राजपाल अपने दो बेटियों और एक छोटे बेटे के साथ अकेले घर में रह रहा था। घरेलू कलह के चलते वह मानसिक तनाव में था। पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके पर जांच की।
मृतक ने आत्महत्या करने से पहले अपने घर की दीवार पर सुसाइड नोट भी लिखा, जिसमें उसने अपने हालात का जिक्र किया और खुद को मानसिक रूप से टूट चुका बताया। राजपाल के भाई ने बताया कि उन्हें उनके पिता का फोन आया था, जिसके बाद वह तुरंत घर पहुंचे। घर के अंदर दाखिल होते ही उन्होंने देखा कि राजपाल पंखे से लटका है। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। जांच अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि दीवार पर लिखा गया सुसाइड नोट एफएसएल टीम ने कब्जे में ले लिया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं।