- लड़की भगाने के मामले में जेल चला गया था दोस्त, खुद पर भी कार्रवाई के डर से था परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में 20 वर्षीय युवक ने जहरीला पदार्थ निगल कर जान दे दी। परिजनों गांव के ही एक परिवार पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक शुभम उर्फ शिवदयाल के भाई ने बताया कि उसके भाई के दोस्त का गांव में ही एक लड़की से प्रेम प्रसंग था। वह उसे भगाकर ले गया था। इसके बाद उस लड़की के परिजनों ने उस युवक पर केस कर दिया और पुलिस ने युवक को पकड़ लिया। इसके बाद उसके भाई को डराया गया कि अब जेल जाने का नंबर उसका है। इस कारण शुभम परेशान हो गया और उसने सोमवार को जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसे उल्टी आने लगी तो उन्होंने सोचा की ठंड से आ रही होगी, लेकिन जब उसे चक्कर आने लगे तो वह उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने बताया कि उसने जहरीला पदार्थ निगला हुआ है। इसी दौरान शुभम ने दम तोड़ दिया।
शुभम के बड़े भाई ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ विदेश जाने की तैयारी कर रहा था ताकि घर की जिम्मेदारी शुभम के हाथों छोड़ सके, लेकिन उन्हें क्या पता था कि उसका भाई ऐसा कदम उठा लेगा। आरोपियों ने उसके भाई को ब्लैकमेल किया है। उसे जेल में डालने की धमकी दी है।