सांभी गांव में एक विवाहिता को जलाकर मारने का मामला प्रकाश में आया है। बुटाना थाना पुलिस ने महिला के पिता की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश कर रही है। पुलिस को दी शिकायत में रसीना गांव वासी मिया सिंह ने बताया कि उसकी बेटी सुनीता (35) की शादी गांव सांभी के सुरेंद्र के साथ की थी। उसकी बेटी सुनीता व दामाद सुरेंद्र उर्फ सिंदा में अक्सर झगड़ा होता रहता था।
कुछ दिन पहले उसकी बेटी सुनीता सुसराल से मायके चली गई थी। दामाद सुरेंद्र उसे मनाकर ले आया था। पिता का आरोप है कि सुनीता का पति सुरेंद्र, सास, सुसर, देवरानी व देवर अक्सर परेशान करते रहते थे और मारपीट करते थे। उन्होंने बताया कि ससुराल पक्ष के लोगों ने सोमवार को सूचना दी कि तेल छिड़कर आत्महत्या कर ली है। मौके पर आकर देखा तो सुनीता का शव जला हुआ रसोई में मिला। मियां सिंह ने आरोप लगाया कि आग लगाकर सुनीता को मारा गया है। बुटाना थाना पुलिस ने पति सुरेंद्र, सास कलावती, ससुर रामेश्वर, देवरानी सीमा व देवर मनोज के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।