- पुरानी सब्जी मंडी के पास स्थित अप्सरा साड़ी शोरूम में सुबह चार बजे वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शहर के नेहरू पैलेस पुलिस पोस्ट के सामने मंगलवार सुबह अप्सरा साड़ी के शोरूम का ताला तोड़कर गाड़ी में आए चोर 10 लाख रुपये की साड़ियां ले गए। चोर जिस समय दुकान के पास पहुंचे वहां पहले एक युवक सो रहा था और चाैकीदार माैजूद था। चोरों ने दोनों को दूसरी दुकान के सामने चले जाने को कहा तो वो चोरों को मालिक समझकर दूसरी दुकान के सामने चले गए। इसके बाद चोर दुकान का ताला काटकर शोरूम से सामान ले गए। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
अप्सरा साड़ी शोरूम के मालिक पीयुष के अनुसार, सोमवार को ही उनकी दुकान में नया माल आया था, जिसमें महंगी साड़ियां भी थी। मंगलवार करीब चार बजे एक गाड़ी में सवार होकर कई चोर आए। इस दाैरान दुकान के बाहर एक युवक और चाैकीदार तैनात था। चौकीदार ने बताया कि चोरों ने उन्हें कहा कि दूसरी दुकान के सामने जाकर सो जाओ। उसने सोचा कि मालिक या कोई माल लेने वाले लोग होंगे, इसलिए वो वहां से उठकर दूसरी जगह पर चले गए। इसके बाद क्या हुआ, उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। वहीं चोरों ने शोरूम के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिया और डीवीआर भी चोरी कर लिया। मालिक के अनुसार, करीब 10 लाख रुपये की साड़ियां चोर ले गए हैं। थाना शहर प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
चाैकीदार पर लापरवाही का आरोप
स्थानीय दुकानदारों और अप्सरा साड़ी शोरूम के मालिक पीयुष ने चाैकीदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। दुकानदारों का आरोप है कि इतनी बड़ी चोरी होने के बाद भी चाैकीदार ने उन्हें सूचना नहीं दी। हालांकि चाैकीदार की डायरी में सभी दुकानदारों के मोबाइल नंबर भी लिखे हुए हैं। दुकानदारों ने अंदेशा जताया कि रेकी करके चोरी की गई है, क्योंकि एक दिन पहले ही दुकान में नया माल आया था।