जगाधरी। फैक्ट्री में करंट लगने से प्रवासी बच्चे की मौत की बाद शुक्रवार को श्रीमानव सेवा समिति ट्रस्ट ने उसका अंतिम संस्कार करवाया। बिहार निवासी माता-पिता जगाधरी जडौदा गांव में रहते हैं और पिता यहीं पर फैक्टरी में मजदूर थे। वीरवार को बच्चा खेलता हुआ फैक्टरी में चलाया गया था, जहां करंट लगने से उसकी मौत हो गई थी।
गरीब परिवार अंतिम क्रम करवाने में असमर्थ था। ऐसे में प्रवासी श्रमिकों की सहायता के लिए काम कर रही श्रीमानव सेवा समिति ट्रस्ट आगे आया। ट्रस्ट ने बच्चे का अंतिम संस्कार करवाया और परिवार को फैक्टरी संचालक से मुआवजा भी दिलवाया।
ट्रस्ट संस्थापक एवं अध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि जड़ौदा गांव में बिहार निवासी हरेराम पत्नी रामकुमारी व तीन बेटियों व बेटे साथ किराये पर रहता है। वीरवार को हरेराम का नौ वर्षीय बेटा समंद खेलते हुए पिता की फैक्टरी में चला गया। इस दौरान वहां उसे करंट लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई।