संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल/घरौंडा। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 स्थित बसताड़ा फ्लाईओवर के पास बुधवार 8:45 बजे सड़क हादसे में आरोपी ट्रक चालक यूपी के बदायूं निवासी हरीबाबू को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया गया। अदालत के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आरोपी ने पुलिस से पूछताछ में बताया कि वह अंबाला से दिल्ली जा रहा था। उसने सिर्फ 3 घंटे सोया था। इसी कारण से उसे झपकी आ गई थी। ट्रक चालक का मेडिकल भी कराया गया। पुलिस के अनुसार हादसे के समय वह नशे में था। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी।
घरौंडा थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं है। चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ था। पुलिस ने वीरवार को आरोपी को गिरफ्तार करके अदालत में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बुधवार सुबह 8:45 बजे अनियंत्रित ट्रक डिवाइडर पार करते हुए दिल्ली से चंडीगढ़ लेन पर आ गया था। ट्रक ने पहले दिल्ली से करनाल की ओर आ रही पंजाब रोडवेज की बस को टक्कर मारी, इसके बाद पहले कार और फिर बाइक से टकराते हुए पलट गया। हादसे में कार सवार कृषि उपकरण व्यापारी उतर प्रदेश के अलीगढ़ के चौक डाक खैर निवासी भुवन (20), उनके पिता पूर्वी दिल्ली के एक डी मयूर विहार निवासी बलबीर सिंह (55) और बाइक सवार करनाल क्रीड के मैनेजर घरौंडा के कोहंड निवासी संजीव (45) व एडीसी कार्यालय के कंप्यूटर ऑपरेटर घरौंडा निवासी विशाल (41) की मौत हो गई थी। लोगों ने क्रेन की मदद से कार को काटकर पिता-पुत्र के शवों को बाहर निकाला था। घरौंडा थाना पुलिस ने मृतकों के परिजन की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।