करनाल। उपमंडल अधिकारी (नागरिक) प्रदीप कुमार की ओर से गठित टीम ने बुधवार को स्कूल की नौ बसों की जांच की। इनमें से चार का चालान किया गया। इन बसों में किसी में फायर सेफ्टी सिलिंडर तो किसी में फर्स्टएड बॉक्स एक्सपायर था।
सहायक अधीक्षक विनोद कुमार और एमवीआई जितेंद्र शर्मा की टीम ने सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के मानकों के तहत जांच की। जांच के दौरान चार बसों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी और तकनीकी कमियां पाई गईं, जिससे बसों के मौके पर ही 30 हजार 500 रुपये के ऑनलाइन चालान किए गए। एसडीएम प्रदीप कुमार ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्कूल प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि वे सुनिश्चित करें कि सभी बसें परिवहन विभाग के मानकों को पूरा करती हों। ब्यूरो