आईटीआई का छात्र विक्रम आज गणतंत्र दिवस पर नई दिल्ली में होने वाली परेड में भाग लेकर कैथल का नाम रोशन करेगा। एनसीसी 10 हरियाणा बटालियन से उसका चयन राष्ट्रीय परेड के लिए हुआ है। विक्रम कई दिन से परेड की तैयारियों में जुटा हुआ था। राजकीय आईटीआई के एनसीसी कैडेटों ने पिछले वर्ष भी दिल्ली में एनसीसी की परेड में शिरकत की थी। कैथल के गांव सोंगरी का रहने वाला विक्रम राजकीय आईटीआई में द्वितीय वर्ष का छात्र है।
अनुदेशक गुरां दित्ता ने बताया कि विक्रम पढ़ाई व प्रशिक्षण में मेधावी छात्र है। विक्रम ने 2012 में एनसीसी ज्वाइन की। इसके बाद उनका चयन अंबाला में आर्मी अटैचमेंट कैंप में हुआ। इसके बाद उन्होंने पंजाब के रोपड़ में आयोजित वार्षिक परीक्षण कैंप में भाग लिया। विक्रम ने इसके बाद अक्तूबर से दिसंबर तक आयोजित डीसीएटीसी कैंप में भाग लिया। इसके बाद उनका चयन परेड के लिए हुआ। अब वह दिल्ली के आरडीसी कैंप में परेड के लिए पसीना बहा रहे हैं। विक्रम का चयन होने पर आईटीआई के प्रधानाचार्य भूपेंद्र पाल सिंह और एनसीसी अधिकारी कैप्टन राजेश कुमार ने उसे बधाई दी।