माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नए साल के आगमन से ठंड बढ़ी है। जिले में बिजली का लोड घटकर 71.57 लाख यूनिट रह गया है। लोड घटने पर बिजली आपूर्ति सुचारु होनी चाहिए थी लेकिन ऐसा नहीं हुआ है। उपभोक्ताओं को कटों से निजात नहीं मिल पा रही है।
बीते डेढ़ माह में उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम लिमिटेड के बिजली सुविधा केंद्र में 13,756 शिकायतें आई हैं। पिछले साल की बिजली खपत की तुलना में जिले का लोड 9.53 लाख यूनिट घटा है। लोड घटने पर भी जिले के उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ रही है। वीरवार को आयोजित करनाल शहरी विधायक के जनसुनवाई कार्यक्रम में भी बिजली कट का मुद्दा गर्माया रहा। बिजली निगम के अधिकारियों का कहना है कि सर्दी के माैसम में लाइनों की मरम्मत का काम किया जाता है। इस कारण से 15 दिनों का शेड्यूल तैयार करके निगम की टीम की ओर से सभी चार डिवीजनों की 18 सब डिवीजनों में कार्य किया जा रहा है। इस कारण से दिन में बिजली कट ज्यादा रहते हैं।