मधुबन स्थित हरियाणा पुलिस अकादमी में अधिकारियों पर प्रताड़ना का आरोप
लगा फिनाइल पीकर आत्महत्या की कोशिश करने वाली राष्ट्रीय थ्रो बॉल खिलाड़ी
अनीता के देरी से पहुंचने के कारण शुक्रवार को भी उसके बयान दर्ज नहीं हो
सके। कांस्टेबल अनीता के बयान अब 22 अगस्त शनिवार को दोबारा दर्ज होंगे।
इस
मामले के आरोपी हेड क्लर्क राजेद्र सिंह ने जांच कमेटी की अध्यक्ष डॉ.
सुमन मंजरी के सामने बयान कलमबद्ध कराए हैं। 13 अगस्त को राष्ट्रीय थ्रो
ब्रॉल खिलाड़ी कांस्टेबल अनीता ने एसपी रामकुमार, हेड क्लर्क राजेंद्र व
रीडर सुलतान पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाकर फिनाइल पीकर आत्महत्या करने
का प्रयास किया था। उसने सुसाइड नोट लिखा था। अनीता के अलावा कई
कांस्टेबलों ने भी हेड क्लर्क राजेंद्र सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे।
मामले
की जांच कराने के लिए एक कमेटी का गठन किया गया था। कमेटी की अध्यक्ष डॉ.
सुमन मंजरी ने हेड क्लर्क पर आरोप लगाने वाली कांस्टेबलों के 19 अगस्त को
बयान दर्ज कर लिए थे, लेकिन अनीता की तबीयत खराब होने के कारण उनके बयान
नहीं हो सके। इसलिए अनीता को 21 अगस्त को बयान देने के लिए बुलाया था।
अनीता ने बताया कि वह किसी कारणवश लेट हो गई और उस समय किसी दूसरे व्यक्ति
के बयान हो रहे थे। इसलिए उसके बयान दर्ज नहीं हो सके। शुक्रवार को
डॉक्टरों को उसका चेकअप भी करना था।