असंध थाने का निरीक्षण करते एसपी करन गोयल। प्रवक्ता पुलिस
करनाल। पुलिस अधीक्षक करन गोयल ने बुधवार को जिले के घरौंडा, मुनक और असंध थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना कार्यालयों, रिकॉर्ड, मालखाना, हवालात और पुलिसकर्मियों को उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। एसपी ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निपटारे और आमजन को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध करवाने के संबंध में सख्त दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएसपी असंध गोरखपाल राणा, डीएसपी घरौंडा मनोज कुमार, तीनों थानों के थाना प्रभारी और संबंधित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। एसपी ने विभिन्न रजिस्टरों और रिकॉर्ड की जांच करते हुए दर्ज मुकदमों, लंबित जांच, शिकायतों, वारंटों, भगोड़ों तथा अन्य आपराधिक मामलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में प्रभावी गश्त और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। ब्यूरो