कैथल में चावल एक्सपोर्ट करने वाली फर्म को लाखों रुपये का चुना लगाते हुए आई टेन गाड़ी का गबन करने वाले मुंशी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस रिमांड दौरान आरोपी के कब्जे से हड़पी गई 30 हजार रुपये नकदी और गाड़ी बरामद कर ली गई।
मुख्य आरोपी मुनीम की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। मुंशी को अदालत में पेश कर 26 नवंबर तक 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता रोशन लाल खटकड़ ने बताया कि पूनम गर्ग पत्नी सुशील गर्ग वासी कैथल और जयभगवान बंसल बिजनेस पार्टनर हैं, जो चावल मिलिंग और ट्रेडिंग का कार्य करते हैं। फर्म में करीब 2009 से संजीव वासी चीका बतौर मुख्य मुनीम और रामदिया वासी भागल बतौर मुंशी कार्यरत थे।
फर्म की सुपरविजन कर रहे सुशील गर्ग की आई टेन गाड़ी को दोनों दिल्ली और अन्य जगहों से पेमेंट लाने में इस्तेमाल करते थे। फर्म ने जब 2012-13 का लेन-देन मिलान शुरू किया तो प्रारंभिक मिलान में 12 लाख 65 हजार का अंतर पाया गया, जो बढ़ते-बढ़ते 44 लाख 65 हजार तक पहुंच गया।
जब मुंशी व मुनीम से इस बाबत बात की गई तो आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगे। नगदी के अतिरिक्त गाड़ी का भी गबन कर गए। थाना सिविल लाइन के एएसआई जयपाल ने जांच करते हुए आरोपी रामदिया वासी भागल को गिरफ्तार कर अदालत से 9 नवंबर को 12 नवंबर तक 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया। इस दौरान आरोपी के कब्जा से 30 हजार रुपये नकदी बरामद कर ली गई और मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। आरोपी को 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।